रामगढ़/नेमरा : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां को मुखाग्नि दी, जिसके बाद रूपी सोरेन पंचतत्व में विलीन हो गईं।
अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, समर्थकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। पूरे नेमरा में शोक और भावुकता का माहौल देखने को मिला।
रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अंतिम विदाई के दौरान लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
रूपी सोरेन का बुधवार शाम रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हुआ था। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को मोरहाबादी स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया और गुरुवार को नेमरा लाया गया।
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार और झारखंड के राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके अंतिम संस्कार के दौरान परिवार और समर्थकों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
नेमरा की उसी माटी में आज रूपी सोरेन की अंतिम यात्रा पूरी हुई, जहां से सोरेन परिवार की कई यादें जुड़ी हैं।
















