धनबाद : गोविंदपुर में सड़क जाम और आवागमन की समस्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से एक बार फिर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण के कारण सड़क पहले ही संकरी हो गई है, ऐसे में सड़क किनारे मौजूद अनधिकृत दुकानों और निर्माण के चलते यातायात प्रभावित हो रहा है।
अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और अनधिकृत ढांचों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य सड़क को अधिक से अधिक खुला रखना और लोगों की आवाजाही को सुगम बनाना है।
दुर्गापूजा को देखते हुए इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गोविंदपुर बाजार में पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है और सड़क किनारे कई पूजा पंडाल भी बनाए जाते हैं।
ऐसे में प्रशासन की कोशिश है कि पूजा शुरू होने से पहले सड़क से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को बेहतर किया जा सके, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या का कम सामना करना पड़े।
फिलहाल प्रशासन का फोकस सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने और निर्माण कार्य के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर है। आने वाले दिनों में अभियान का असर गोविंदपुर बाजार की यातायात व्यवस्था पर कितना पड़ता है, यह देखने वाली बात होगी।
















