रामगढ़ : रामगढ़ पुलिस ने चर्चित शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई के दौरान डकैती से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और सामान भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 565 ग्राम सोने जैसे आभूषण, लगभग 3 किलोग्राम चांदी जैसे आभूषण, एक अर्टिगा कार, एक स्कूटी, तीन मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, दो पिस्टल, दो मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जब्त सामान को विधिक प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कांड के खुलासे में तकनीकी जांच, खुफिया सूचना और लगातार छापेमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भी जानकारी जुटाई जा सके।
इस सफलता पर रामगढ़ पुलिस अधीक्षक ने कांड के उद्भेदन में अहम भूमिका निभाने वाली SIT टीम को सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध और संगठित आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
















