रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार पहुंचे। यहां बाबा के 219वें सालाना उर्स के अवसर पर उन्होंने अकीदत के साथ चादरपोशी की और राज्य की तरक्की, सुख-शांति एवं आपसी सौहार्द के लिए दुआ मांगी।
चादरपोशी के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की शिक्षाएं प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने उर्स के अवसर पर झारखंड के लोगों और दूर-दराज से पहुंचे अकीदतमंदों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में दरगाह कमेटी के सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
















