रांची: बाईपास रोड स्थित सेल सैटेलाइट चौक से बिरसा चौक तक अतिक्रमण हटाने का अभियान बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। रांची नगर निगम की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और सड़क किनारे बनी झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। नगर निगम की टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया।
कार्रवाई के विरोध में लोगों का प्रदर्शन
अपने घरों को हटता देख स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। लोगों का कहना है कि वे कई वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं और अब अचानक उनके आशियाने हटाए जाने से उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था और मामले पर पुनर्विचार की मांग की। वहीं, नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखा गया।
















