रांची: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर बारियातू स्थित लेक व्यू हॉस्पिटल ब्लड सेंटर में रविवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम शरण और उनकी टीम के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें करीब 50 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा में अपनी भागीदारी निभाई।
रक्तदान शिविर में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में स्वैच्छिक और निःशुल्क रक्तदान को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर डॉ. एम शरण ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं और सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को तीन से चार महीने के अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए। इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों को सहायता मिलती है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को रक्तदान के महत्व, सुरक्षित रक्त की आवश्यकता तथा आपातकालीन परिस्थितियों, दुर्घटनाओं, सर्जरी और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता के विषय में जानकारी दी गई।
लेक व्यू हॉस्पिटल ब्लड सेंटर की ओर से सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए निरंतर अभियान चलाने की बात कही गई।
















