रांची: अरगोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजकुमार प्रसाद के रूप में हुई है। घटना के बाद शनिवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे अशोक नगर गेट नंबर-2 के पास राजकुमार प्रसाद फेरी का काम कर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद-ग्रे रंग की क्रेटा कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल राजकुमार प्रसाद को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
घटना के विरोध में शनिवार को मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फरार कार चालक की गिरफ्तारी और मामले में कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
















