रांची: यूनिसेफ झारखंड की ओर से होटल रेडिसन ब्लू में ‘Voices of Change – Child Reporters Conclave 2026’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में स्कूली बच्चों ने नाटक और रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए बाल अधिकारों तथा सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल श्रम, कुपोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, लैंगिक भेदभाव और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर बच्चों ने अपने विचार रखे। सम्मेलन का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपनी बात रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना था।
यूनिसेफ झारखंड की चीफ ऑफ फील्ड ऑफिस डॉ. कनीनिका मित्रा ने कहा कि बाल पत्रकारिता बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने में मदद करती है। उन्होंने बच्चों की समस्याओं को सामने लाने में शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि बच्चों में अपार क्षमता है और उन्हें अपनी बात खुलकर रखने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने बच्चों की सक्रिय भागीदारी को समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए महत्वपूर्ण बताया।
















