झरिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया। विधायक ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया।
अंबेडकर चौक से राजा तालाब तक चला अभियान
अभियान की शुरुआत बस्ता कोला अंबेडकर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और आसपास के परिसर की सफाई से हुई। इसके बाद बस्ता कोला स्थित मां गायत्री मंदिर के बाहर और झरिया नगर के राजा तालाब परिसर में भी साफ-सफाई की गई।
इस दौरान रागिनी सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थलों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई सामाजिक दायित्व के साथ सम्मान का भी प्रतीक है।
उन्होंने लोगों से अपने मोहल्ले, बाजार, मंदिर, तालाब और अन्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। विधायक ने कहा कि स्वच्छ झरिया के लिए एक दिन का अभियान पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
अभियान में पप्पू पासवान, अखिलेश सिंह, उमेश यादव, दिलीप भारती, अवधेश साव, पी.के. सिंह, अजय सिंह, सुनील यादव, मालती पांडेय, गुड्डू सिंह, संजय महतो और अमित साव समेत भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने विभिन्न स्थानों की सफाई में हिस्सा लिया।
















