धनबाद : Dhanbad के कोर्ट परिसर के समीप स्थित कोहिनूर मैदान वेंडिंग जोन में छोटे विक्रेताओं को बसाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। नगर निगम द्वारा 7 मई को लॉटरी के माध्यम से 177 छोटे विक्रेताओं को दुकानों का आवंटन किया गया।
हालांकि दुकानों के आवंटन के बाद भी कई विक्रेताओं ने अपनी समस्याएं सामने रखी हैं। कोर्ट रोड पर ठेला लगाकर सामान बेचने वाले विक्रेता अजय साव ने बताया कि वेंडिंग जोन तक पहुंचने के लिए एप्रोच रोड तो बना दिया गया है, लेकिन पहले आवंटित कई दुकानों में अब भी ताला लगा हुआ है। इससे नए विक्रेताओं को दुकान शुरू करने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि पहले भी कई लोगों ने वहां कारोबार शुरू करने की कोशिश की थी, लेकिन ग्राहकों की कमी के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे में अब रोजी-रोटी और बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंता बढ़ गई है।
वहीं विक्रेता बप्पी घोष ने कहा कि नगर निगम ने कोर्ट रोड पर ठेला लगाने से मना कर दिया है और वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने को कहा है, लेकिन अब तक दुकानों का वास्तविक हस्तांतरण नहीं हुआ है। उनका कहना है कि सिर्फ नाम घोषित कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा।
इस मामले पर संजीव सिंह ने कहा कि वेंडिंग जोन शुरू होने से कोर्ट रोड पर जाम और पार्किंग की समस्या कम होगी। उन्होंने बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए वेंडिंग जोन तक पहुंचने हेतु एप्रोच रोड भी तैयार किया गया है और नगर निगम छोटे विक्रेताओं की सुविधा को प्राथमिकता दे रहा है।
















