धनबाद: झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत झरिया अंचल कार्यालय ने धनबाद के मेयर संजीव सिंह, झरिया विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक कुंती देवी को नोटिस जारी किया है। नोटिस में मतदाता सूची और संबंधित पारिवारिक विवरणों के सत्यापन के दौरान सामने आए कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
दस्तावेजों में किन बिंदुओं पर मांगा गया जवाब?
जानकारी के अनुसार, संजीव सिंह और कुंती देवी से जुड़े रिकॉर्ड में माता-पिता की उम्र से संबंधित दर्ज विवरण में अंतर का उल्लेख किया गया है। वहीं, रागिनी सिंह से संबंधित नोटिस में उनके माता-पिता की मैपिंग बिहार से किए जाने की बात सामने आई है। दूसरे राज्य से जुड़े रिकॉर्ड के सत्यापन के तहत इन बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई है।
झरिया अंचल कार्यालय की ओर से संबंधित रिकॉर्ड के आधार पर आवश्यक दस्तावेज और स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने को कहा गया है। धनबाद में SIR के दौरान मैपिंग से छूटे मतदाताओं को भी नोटिस देकर सुनवाई की प्रक्रिया पहले से चल रही है।
हालांकि, सिर्फ नोटिस जारी होने से किसी तरह की अनियमितता साबित नहीं होती है। संबंधित पक्षों के जवाब और दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल संबंधित पक्षों के जवाब का इंतजार है।
















