बांकुड़ा: सोनामुखी नगरपालिका क्षेत्र के आदब बाजार स्थित डंपिंग ग्राउंड से करीब 60 वर्षीय प्रोमोटर उत्तम चक्रवर्ती का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव डंपिंग ग्राउंड की दीवार में लगे एक रॉड से लटका मिला। सूचना मिलने पर सोनामुखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए विष्णुपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि आदब बाजार इलाके में करोड़ों रुपये की लागत से डंपिंग ग्राउंड का निर्माण कार्य चल रहा है और इस काम का ठेका उत्तम चक्रवर्ती के पास था। शनिवार को काम के लिए पहुंचे मजदूरों ने उन्हें संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने उठाए सवाल
मृतक के भतीजे सौमेन चक्रवर्ती ने घटना पर संदेह जताते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनके चाचा ऐसा कदम क्यों उठाएंगे। उन्होंने दावा किया कि शव पर मिट्टी लगी हुई थी, जिसके आधार पर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। खबर लिखे जाने तक परिवार की ओर से सोनामुखी थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।
















