धनबाद: पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज में 3 अक्टूबर को आजसू छात्र संघ की नई कॉलेज कमिटी का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता छात्र नेता राजवर्धन सिंह ने की, जबकि संचालन विक्की कुमार ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से छात्र आजसू के प्रदेश महासचिव विशाल महतो मौजूद रहे।
विशाल महतो ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कॉलेज के विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने नियमित कक्षाओं का संचालन, कॉलेज परिसर की साफ-सफाई और छात्रों को होने वाली परेशानियों के समाधान को संगठन की प्राथमिकताओं में बताया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर छात्र समस्याओं को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी किया जाएगा।
नई कमिटी में इन्हें मिली जिम्मेदारी
पीके रॉय कॉलेज कमिटी में हर्ष सिंह को अध्यक्ष, पीयूष चौधरी को उपाध्यक्ष और अविरल माथुर को महासचिव बनाया गया है। वहीं सुमित श्रीवास्तव, अनुराग सिंह, श्रेया रॉय और अमीषा कुमारी को सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान दर्जनों छात्रों ने आजसू छात्र संघ की सदस्यता भी ग्रहण की। नवनियुक्त कमिटी ने छात्र समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक माहौल, नियमित कक्षाओं, स्वच्छ परिसर तथा छात्रों के सम्मानजनक व्यवहार के लिए काम करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आजसू छात्र संघ के नेता रौनक राज, भोला पासवान समेत अन्य छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















