रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रांची स्थित JPSC कार्यालय पहुंचे और आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा परिणाम में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए परिणाम रद्द करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आयोग कार्यालय के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड्स को पार कर मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंचने का प्रयास किया। इस दौरान परिसर के बाहर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने JPSC कार्यालय के मुख्य गेट पर एक पोस्टर भी लगाया, जिस पर लिखा था— “JPSC का क्या RATE है?”। छात्रों का कहना था कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता हुई है तो उसकी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अभ्यर्थियों ने मांग की कि 14वीं सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम को तत्काल निरस्त कर निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाए, ताकि योग्य उम्मीदवारों के साथ न्याय हो सके।
फिलहाल मामले को लेकर आयोग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शन समाप्त होने के बाद स्थिति सामान्य रही।
















