धनबाद: बीसीसीएल कतरास क्षेत्र-4 के अंतर्गत सिजुआ साइडिंग में कार्यरत फिटर (हेल्पर) स्वर्गीय कुन्दन चौहान का मंगलवार को ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। उन्हें तत्काल केंद्रीय चिकित्सालय, धनबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दिवंगत कर्मी के पार्थिव शरीर को क्षेत्रीय कार्यालय लाया गया, जहां परिजनों एवं विभिन्न श्रमिक संगठनों ने आश्रित परिवार को शीघ्र रोजगार और सभी वैधानिक लाभ देने की मांग को लेकर प्रबंधन से वार्ता की। कई दौर की बातचीत के बाद प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण सहमति बनी।
समझौते के अनुसार, कंपनी द्वारा देय ₹80 हजार की उदार सहायता राशि आवश्यक दावा-पत्र प्रस्तुत करने के बाद प्रदान की जाएगी। इसके अलावा कंपनी के नियमों के तहत मिलने वाली अन्य सभी वैधानिक देय राशि भी आवश्यक दस्तावेज जमा होने के बाद नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह लिया गया कि दिवंगत कर्मी के पुत्र सोनू चौहान को 60 दिनों के भीतर प्रोविजनल कंडीशनल नियुक्ति दी जाएगी। इस संबंध में बीसीसीएल प्रबंधन, जनता मजदूर संघ, जनता श्रमिक संघ एवं आश्रित परिवार के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।
जनता मजदूर संघ एवं जनता श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों ने प्रबंधन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर आश्रित को शीघ्र नियुक्ति और परिवार को सभी वैधानिक लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही सभी ने स्वर्गीय कुन्दन चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर केंद्रीय सचिव सत्येंद्र कुमार सिंह, हरेंद्र कुमार सिंह, यशवंत कुमार सिंह, जगदीश रजक, शशि रंजन कुमार, पिंटू चौहान, राजू बेलदार, मनोज कुमार, कैलाश बेलदार, नगीना चौहान, मो. आजाद, शमशाद आलम, प्रेम कुमार, जितेंद्र हाड़ी, गुड्डू अंसारी सहित कई श्रमिक प्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















