कतरास: आगामी त्योहारों को देखते हुए कतरास पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न बैंकों और एटीएम केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और आसपास की गतिविधियों का जायजा लिया। साथ ही बैंक और एटीएम परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने लोगों से एटीएम इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने और अपना पिन व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी।
पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान नियमित गश्ती, निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रहेगा, ताकि चोरी, छिनतई और साइबर ठगी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
















