सिंदरी टाउनशिप में पानी की आपूर्ति अचानक ठप हो जाने से हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार ACC जामाडोबा बस्ती के पास मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन करीब 10 फीट जमीन के नीचे फट गई, जिसके कारण पूरे सिंदरी टाउनशिप क्षेत्र में पानी की सप्लाई बाधित हो गई है।
पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। गुरुवार सुबह से ही प्रभावित स्थल पर खोदाई का कार्य जारी रहा। अधिकारियों के अनुसार पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए पहले गड्ढे में जमा पानी को निकालना जरूरी था। इसके लिए मोटर पंप की सहायता से लगातार पानी निकाला जा रहा है, ताकि क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर मरम्मत का काम किया जा सके।
मौके पर HURL के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। HURL के अधिकारी एस. चक्रवर्ती सुबह से ही साइट पर मौजूद रहकर पूरे कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं जल विभाग की सर्विस टीम के साथ KTMPL द्वारा दो JCB मशीनें और पानी निकालने के लिए मोटर उपलब्ध कराई गई है, जिससे मरम्मत कार्य को तेजी से पूरा किया जा सके।
तकनीकी टीम के अनुसार बुधवार रात करीब 8 बजे पानी निकालने के बाद पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया था। हालांकि पाइपलाइन की मरम्मत के बाद टंकियों को दोबारा भरने में भी समय लगेगा। इसी वजह से घरों तक पानी की सप्लाई बहाल होने में कुछ और समय लग सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि यदि मरम्मत कार्य निर्धारित समय पर पूरा हो जाता है तो सिंदरी टाउनशिप के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार शाम तक जलापूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।
इस बीच पानी की सप्लाई बंद रहने से स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। प्रशासन और संबंधित विभागों ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए जल्द से जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया है।
















