लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज में पेट्रोल के पैसे मांगने पर पेट्रोल पंप कर्मचारी को कार से घसीटने का मामला सामने आया है। घटना में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गोसाईंगंज स्थित जीएस फिलिंग स्टेशन पर काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली कार में सवार युवक पहुंचे थे। उन्होंने करीब ₹4,000 का पेट्रोल भरवाया। भुगतान मांगने पर कार सवार कथित तौर पर बिना पैसे दिए भागने लगे।
इस दौरान कर्मचारी सचिन कुमार ने कार का दरवाजा पकड़ लिया। आरोप है कि युवकों ने कार की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे कर्मचारी करीब डेढ़ किलोमीटर तक कार के साथ घिसटता चला गया। घायल सचिन का इलाज पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
पुलिस ने इस मामले में आर्यन सिंह, समृद्धि चतुर्वेदी और दिव्यांश श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की आठ टीमें लगाई गई थीं। करीब 120 किलोमीटर के क्षेत्र में 345 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद गिरफ्तारी की गई।
मामले में त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को ₹25 हजार का इनाम दिया गया है।
















