धनबाद: भाकपा-माले के जिला कमेटी सदस्य राणा चट्टराज ने जिले में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत डोर-स्टेप राशन आपूर्ति व्यवस्था ठप होने पर गहरी चिंता जताई है। गुरुवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि डोर-स्टेप डिलीवरी बाधित होने के कारण जनवितरण प्रणाली की दुकानों तक समय पर खाद्यान्न नहीं पहुंच रहा है, जिससे अंत्योदय और गरीब परिवारों को निर्धारित समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है।
राणा चट्टराज ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर राशन नहीं मिलने से हजारों लाभुकों के सामने खाद्यान्न का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। जनवितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की बाधा सीधे गरीबों के जीवन और आजीविका को प्रभावित करती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने जिला प्रशासन और झारखंड सरकार से मांग की कि डोर-स्टेप राशन आपूर्ति व्यवस्था को अविलंब बहाल किया जाए, ताकि सभी जनवितरण दुकानों तक समय पर खाद्यान्न पहुंच सके और प्रत्येक पात्र लाभुक को बिना किसी परेशानी के नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराया जा सके।
भाकपा-माले ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो गरीब जनता के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू किया जाएगा।
















