धनबाद: विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिला आयुष समिति, धनबाद की ओर से लुबी सर्कुलर रोड स्थित उत्सव भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धनबाद के महापौर संजीव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गौरतलब है कि भारत सरकार ने अब हर वर्ष 23 सितंबर को आयुर्वेद दिवस मनाने के लिए निश्चित किया है।
कार्यक्रम के दौरान संजीव सिंह ने आयुर्वेद को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि यह केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में भी मार्गदर्शन करता है।
उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के दौर में प्राकृतिक और स्वस्थ आदतों के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। आयुर्वेद से जुड़ी जानकारी और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
महापौर ने धनबाद में आयुर्वेद को बढ़ावा देने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए जिला आयुष समिति के साथ हरसंभव सहयोग की बात कही। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को विश्व आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
















