रांची: बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह सिस्टम 23 सितंबर की सुबह बंगाल की खाड़ी में कलिंगपट्टनम के पास था और रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के बीच से गुजरने की संभावना थी।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से झारखंड में बारिश का दौर जारी है। IMD के 23 सितंबर के अपडेट के अनुसार, 23 सितंबर को भारी बारिश, 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश, जबकि 25 सितंबर को फिर भारी बारिश की चेतावनी है। इन दिनों गरज, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 सितंबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। रांची, गुमला और खूंटी समेत आसपास के इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर तक मौसम प्रणाली का प्रभाव बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को गरज-वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा मौसम संबंधी ताजा जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है।
















