पश्चिमी टुंडी: धनबाद जिले के बेगनरिया पंचायत अंतर्गत नयाडीह को राजगंज NH-19 से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पिछले करीब एक साल से अधूरे निर्माण के कारण बदहाल है। निर्माण कार्य बीच में रुक जाने से सड़क पर बिखरे नुकीले पत्थर और गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
पत्थरों के कारण आए दिन हादसे
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के अनुसार, करीब एक साल पहले सड़क निर्माण शुरू हुआ था। पुरानी सड़क को उखाड़ने के बाद गिट्टी-पत्थर बिछाए गए, लेकिन इसके बाद काम आगे नहीं बढ़ा। इससे सड़क की स्थिति पहले से भी खराब हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बिखरे नुकीले पत्थरों के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर संतुलन खोकर गिर जाते हैं। बारिश के दौरान गड्ढों और पत्थरों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
प्रशासन से जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग
नयाडीह-राजगंज मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है और इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से अधूरे निर्माण कार्य का संज्ञान लेकर इसे जल्द पूरा कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने संवेदक की भूमिका की जांच करने और सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे राहगीरों को रोजाना हो रही परेशानी से राहत मिल सकेगी।
















