धनबाद: धनबाद जिला बैडमिंटन एसोसिएशन से निबंधित अकादमी और डे-बोर्डिंग बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ियों ने जमशेदपुर में आयोजित Yonex-Sunrise Jharkhand State Mini & Sub-Junior Badminton Championship-cum-Selection Trial 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता 2 से 4 अक्टूबर तक मोहन अहुजा जेआरडी कॉम्प्लेक्स इंडोर स्टेडियम, जमशेदपुर में आयोजित हुई।
धनबाद के खिलाड़ियों ने जीते खिताब
अंडर-11 गर्ल्स डबल्स में दिव्यांशी प्रकाश और नंदिता गोप की जोड़ी ने विजेता का खिताब जीता। वहीं अंडर-11 बॉयज डबल्स में राजवीर महतो और आर्यन कुमार चैंपियन बने।
अंडर-13 गर्ल्स डबल्स में धनबाद की प्रियंका कुमारी और गिरिडीह की काशवी कृष्णा की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया। जबकि अंडर-13 बॉयज सिंगल्स में धनबाद के रवि प्रकाश ने उपविजेता रहते हुए रजत पदक हासिल किया।
छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन
बैडमिंटन कोच संदीप दे के अनुसार, खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर धनबाद के छह खिलाड़ियों का आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी 24 से 27 नवंबर तक चंडीगढ़ में होने वाली 5वीं मिनी नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप और 9 से 12 दिसंबर तक पंजाब में होने वाली सब-जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों को दी गई बधाई
खिलाड़ियों की सफलता पर जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, धनबाद जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के संरक्षक कमांडेंट दीपक सिंह, सचिव सम्राट चौधरी, सह-सचिव विजय कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एन.के. सिंह समेत एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों ने बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
धनबाद के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले में बैडमिंटन के बढ़ते स्तर और युवा खिलाड़ियों की मेहनत व प्रतिभा को दर्शाती है।
















