धनबाद : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बैंक मोड़ स्थित खालसा स्कूल परिसर में बनाए गए विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अलग-अलग बूथों पर तैनात बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं के आवश्यक दस्तावेजों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए जाने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि नोटिस प्राप्त मतदाताओं के सहायक दस्तावेज निर्वाचन आयोग के ऐप पर निर्धारित प्रारूप में तत्काल और त्रुटिरहित तरीके से अपलोड किए जाएं। साथ ही आवेदनों और अपलोड किए गए दस्तावेजों की स्थिति की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि तकनीकी या प्रपत्र से जुड़ी किसी भी समस्या के सामने आने पर बीएलओ अपने संबंधित सुपरवाइजर और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से समन्वय कर उसका समाधान कराएं, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रक्रिया है। नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से जुड़े मामलों में पूरी सावधानी बरतने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने शत-प्रतिशत त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने पर जोर दिया। अधिकारियों को पुनरीक्षण प्रक्रिया की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
















