देवघर: जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी बनकर ट्रक लूटने का मामला सामने आया है। अपराधियों ने पुलिस की वर्दी का रौब दिखाकर तार लदे ट्रक को रुकवाया और कागजात जांचने के बहाने चालक व खलासी को अपनी गाड़ी में बैठाकर बंधक बना लिया। इसके बाद ट्रक लेकर फरार हो गए।
घटना 5 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे की है। ट्रक मालिक दिल्ली निवासी रामेश्वर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। देवघर एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई, जिसने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार राय और कैलाशपति मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के रहने वाले बताए गए हैं और वर्तमान में जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक, वारदात में इस्तेमाल इनोवा कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। छापेमारी दल का नेतृत्व सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने किया। टीम में मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
















