बोकारो: जिले के बेरमो और गोमिया इलाके में चोरी की तीन घटनाएं सामने आई हैं। जारंगडीह अपर बंगाल में चोरों ने दो बंद क्वार्टरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और शादी का राशन चोरी कर लिया। वहीं, गोमिया में छठ पूजा मनाने रिश्तेदार के घर गए एक परिवार के बंद मकान से करीब नौ लाख रुपये के गहने और 65 हजार रुपये नकद चोरी हो गए।
जारंगडीह में कौशल्या देवी के क्वार्टर से छह भर सोने के जेवर, करीब आधा किलो चांदी और 15 हजार रुपये नकद गायब मिले। वहीं, पड़ोसी विनोद कुमार सिंह के घर से उनकी बेटी की शादी के लिए रखा करीब 50 हजार रुपये का राशन चोरी कर लिया गया। शादी 25 नवंबर को निर्धारित है।
सूचना मिलने पर बोकारो थर्मल थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और लोगों से पूछताछ की। उन्होंने सुरक्षा के लिए घरों और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी।
गोमिया पंचायत के मध्य दुर्गा मंदिर के पास शिवराम सिंह के बंद घर में भी चोरी हुई। परिवार छठ पूजा मनाने रिश्तेदार के यहां गया था। लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला। चोर दो अलमारियों और दो बक्सों को तोड़कर बेटी की शादी के लिए रखे करीब नौ लाख रुपये के गहने और 65 हजार रुपये नकद ले गए। थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
















