धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत धनबाद सदर प्रखंड कार्यालय, पुटकी में परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 100 से अधिक लाभार्थियों के बीच करीब 50 लाख रुपये की सहायता राशि और परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों को आजीविका बढ़ाने के लिए 30 लाख रुपये तथा तीन लाभार्थियों को मालवाहक वाहन खरीदने के लिए 6 लाख रुपये की सहायता दी गई।
इसके अलावा दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र और व्हीलचेयर, सात विद्यार्थियों को साइकिल तथा श्रमिकों के आश्रितों को दुर्घटना मृत्यु अनुदान दिया गया। वहीं, 11 श्रमिकों को मनरेगा जॉब कार्ड और मुख्यमंत्री अबुआ आवास योजना के 14 लाभार्थियों को गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।
कार्यक्रम के दौरान विवाह, प्रसूति सहायता, छात्रवृत्ति और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया। साथ ही पांच नए श्रमिकों का निबंधन किया गया।
















