धनबाद: गोविंदपुर के सुसनीलेवा मौजा में जिला प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 59 डिसमिल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह जमीन प्रभातम मॉल के सामने स्थित है, जिसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर शनिवार को अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची। इस दौरान अवैध निर्माण और घेराबंदी को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद जमीन पर झारखंड सरकार के नाम का बोर्ड भी लगाया गया।
प्रशासन के अनुसार, जमीन खाता संख्या 140 और प्लॉट संख्या 1612 में दर्ज है। जांच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई थी। संबंधित लोगों को नोटिस भी दिया गया था, लेकिन वे जमीन के स्वामित्व से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा या निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















