धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। कतरास मोड़ सिंगनगर के पास तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलियापुर के पहाड़पुर से पति-पत्नी और उनका बेटा एक ही बाइक पर सवार होकर महुदा में आयोजित एक शादी समारोह (बहुभात) में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि सुनिता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और बेटा घायल हो गए। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही झरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
















