धनबाद : धनबाद में पेट्रोल और डीजल की किल्लत को लेकर लोगों के बीच घबराहट लगातार बढ़ती जा रही है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर गुरुवार को ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जहां लोग वाहनों के अलावा बाल्टी, गैलन और बोतलों में भी पेट्रोल भरवाते नजर आए। भविष्य में ईंधन पूरी तरह खत्म होने की आशंका के चलते लोग अतिरिक्त स्टॉक जमा करने की कोशिश कर रहे हैं।
शहर के कई इलाकों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी गईं। कई वाहन चालक घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बिना पेट्रोल के वापस लौटना पड़ा। हालात ऐसे बन गए हैं कि परिवहन व्यवस्था और रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ने लगा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंपों पर लगातार भीड़ बढ़ रही है और जहां ईंधन उपलब्ध है, वहां अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। कई लोग सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए प्लास्टिक की बोतलों और खुले कंटेनरों में पेट्रोल भरवा रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका भी बढ़ गई है।
हालांकि जिला प्रशासन और तेल कंपनियां लगातार यह दावा कर रही हैं कि जिले में ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कई पेट्रोल पंपों पर “नो पेट्रोल” के बोर्ड लगे दिखाई दिए।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल जमा करने से बचें, ताकि सभी लोगों तक ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से हो सके।
















