रांची: झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह करीब 7:30 बजे के बाद आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश और बादलों के कारण सुबह 8 बजे ही अंधेरे जैसा माहौल बन गया, जिससे वाहन चालकों को दिन में ही अपनी गाड़ियों की हेडलाइट जलानी पड़ी।
यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों के कारण देखा गया। तेज हवाओं और गरज के साथ हुई बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक रांची समेत झारखंड के कई जिलों में बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। विभाग ने राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही बारिश के दौरान वज्रपात (ठनका) गिरने की भी आशंका जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
शुक्रवार को हुई बारिश के बाद रांची के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। शनिवार सुबह से जारी बारिश के कारण तापमान में और कमी आने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून बारिश का यह दौर किसानों और आम लोगों के लिए राहत लेकर आया है, हालांकि तेज हवा और वज्रपात को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है।














