धनबाद: धनबाद क्लब लिमिटेड में 25 से 28 जून तक दूसरे झारखंड राज्य हार्ड कोर्ट टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। धनबाद लॉन टेनिस एसोसिएशन (डीएलटीए) द्वारा झारखंड टेनिस एसोसिएशन (जेटीए) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से 102 खिलाड़ी भाग लेंगे।
बुधवार को धनबाद क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चार दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शुरू होंगे।
डीएलटीए के सचिव रोहित लाला ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य झारखंड में टेनिस खेल को बढ़ावा देना, युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और खेल संस्कृति को मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिल सकता है।
धनबाद टोयोटा द्वारा प्रस्तुत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
प्रेस वार्ता में धनबाद क्लब के सचिव अतुल डोकानिया, डीएलटीए के उपाध्यक्ष अनिल सिंह, टेनिस इंचार्ज आनंद शर्मा तथा डीएलटीए के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जे.के. नायर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















