धनबाद: विश्व बालश्रम निषेध दिवस के अवसर पर आशा किरण युवा संस्थान, धनबाद की ओर से बलियापुर थाना क्षेत्र के बेलगढ़िया टीओपी परिसर में बालश्रम रोकथाम एवं बाल अधिकारों के संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बालश्रम के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों को उनके अधिकारों से वंचित होने से बचाना था।
कार्यक्रम में बेलगढ़िया टीओपी के प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ आशा किरण युवा संस्थान की सचिव मालती तांती, पलानी पंचायत की पूर्व उपमुखिया सीम देवी, ब्राइटर स्टेप फाउंडेशन की सचिव मीनाक्षी सिंह, अध्यक्ष सुचेता तथा सदस्य अपर्णा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया दीदियां, पोषण सखी एवं बेलगढ़िया ग्राम बाल संरक्षण समिति के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी उपस्थित लोगों ने बालश्रम उन्मूलन और बाल अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे मूल अधिकारों से वंचित नहीं होने देंगे। साथ ही बालश्रम, बाल शोषण और बाल अधिकारों के उल्लंघन के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों और प्रशासन को सूचना देने का भी निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि बालश्रम केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि समाज के भविष्य के साथ अन्याय भी है। बच्चों को मजदूरी के बजाय शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा और बालश्रम मुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।
















