धनबाद: BCCL के कोयला भवन में कल्याण बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में कल्याण बोर्ड के सदस्य एवं जनता मजदूर संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष संजीत सिंह ने अस्पतालों में डॉक्टरों और चिकित्सा उपकरणों की कमी, हृदय रोग व कैंसर के इलाज, आवासों की मरम्मत, बिजली-पानी की सुविधा और ग्रेच्युटी सहित लंबित भुगतान के मुद्दे उठाए।
उन्होंने श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं, सीएमडी ने अधिकारियों को लंबित समस्याओं का पारदर्शिता के साथ समाधान करने और पिछली बैठक के प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करने का निर्देश दिया।
















