धनबाद: झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) के बेलगड़िया टाउनशिप में पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बेलगड़िया समेत चार पंचायतों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए गश्ती वाहन उपलब्ध कराया गया है, लेकिन करीब दो महीने से ईंधन की राशि नहीं मिलने के कारण वाहन का संचालन प्रभावित है।
बताया गया है कि गश्ती वाहन के लिए हर महीने करीब 10 हजार रुपये ईंधन मद में दिए जाने का प्रावधान है। ईंधन की व्यवस्था नहीं होने से नियमित पेट्रोलिंग में परेशानी होने की बात सामने आई है। बेलगड़िया और आसपास के क्षेत्रों में करीब 4 हजार से अधिक परिवार रहते हैं, ऐसे में गश्ती प्रभावित होने से सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
सिंदरी एसडीपीओ ने वाहन की जानकारी से किया इनकार
मामले में सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने गश्ती वाहन उपलब्ध कराए जाने की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि बलियापुर थाना की गाड़ी पेट्रोलिंग के लिए बेलगड़िया क्षेत्र में जाती है।
एसडीपीओ ने कहा कि यदि JRDA या प्रशासन की ओर से बेलगड़िया टीओपी में गश्ती के लिए कोई वाहन उपलब्ध कराया गया है, तो इसकी जांच कराई जाएगी।
वाहन उपलब्ध है तो पुलिस को जानकारी क्यों नहीं?
एसडीपीओ के बयान के बाद गश्ती वाहन को लेकर स्थिति पर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि गश्ती के लिए वाहन उपलब्ध कराया गया है, तो स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं है? वहीं, अगर वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया है, तो गश्ती व्यवस्था किस माध्यम से संचालित हो रही है, यह भी स्पष्ट नहीं है।
स्थानीय लोगों ने JRDA और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट करने के साथ बेलगड़िया टाउनशिप और आसपास के क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने की मांग की है।
















