भागलपुर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले के मद्देनजर बुधवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और समुचित प्रबंधन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचते हैं और वहां से जल लेकर बाबा नगरी की कांवर यात्रा करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेले की मॉनिटरिंग स्वयं बिहार के मुख्यमंत्री कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से मेले को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इस बार कांवरियों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है, ताकि उनकी यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सके।
प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
















