बोकारो/फुसरो: फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर सीसीएल ढोरी क्षेत्र के जीएम कार्यालय के मुख्य द्वार के पास भू-धंसान की घटना से अफरातफरी मच गई। रविवार से शुरू हुआ भू-धंसान बुधवार शाम तक काफी बढ़ गया। सड़क का करीब पांच फीट हिस्सा धंसने से आसपास की पांच अस्थायी दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।
बताया गया कि दुकानदारों को एक दिन पहले ही दुकानें खाली करने का निर्देश दे दिया गया था। इस वजह से घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। भू-धंसान के कारण सड़क के नीचे मिट्टी का बड़े स्तर पर कटाव हुआ है और गहरा गड्ढा बन गया है।
11 केवी हाईटेंशन लाइन से बढ़ा खतरा
भू-धंसान वाले हिस्से के ऊपर से 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। सड़क के नीचे मिट्टी का कटाव बढ़ने से बिजली पोल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। स्थिति को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
















