बराकर: पशु आहार की बढ़ती कीमतों और महंगाई के बीच दूध की नई दर को लेकर बराकर चैंबर ऑफ कॉमर्स की मध्यस्थता में दूध व्यवसायियों और मिठाई दुकानदारों की बैठक हुई। गुरुवार को कल्याणेश्वरी रोड स्थित चैंबर कार्यालय में आयोजित बैठक में दूध और खोवा की कीमत को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में कुल्टी-बराकर क्षेत्र के कई दूध व्यवसायी, मिठाई दुकानदार और चैंबर के पदाधिकारी शामिल हुए। दूध व्यवसायियों ने पशु आहार की बढ़ी कीमतों का हवाला देते हुए खोवा की थोक कीमत बढ़ाने की मांग रखी।
विचार-विमर्श के बाद खोवा की थोक कीमत 275 रुपये प्रति किलो तय करने पर सहमति बनी। वहीं खुदरा बाजार में दूध की नई कीमत 60 रुपये प्रति किलो निर्धारित की गई है। नई दर 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगी।
बैठक में बराकर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष बालमुकुंद अग्रवाल और रामेश्वर भगत समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। मिठाई दुकानदारों की ओर से विश्वनाथ सेन, आनंदो सीट और सपन दा सहित अन्य लोग शामिल हुए। वहीं दूध व्यवसायियों की ओर से मनोहर यादव, नरेश यादव और मनोज यादव समेत अन्य सदस्य बैठक में उपस्थित रहे।
















