धनबाद : सदर थाना क्षेत्र के चीरागोड़ा श्मशान रोड स्थित मैदान में शनिवार सुबह 42 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान Rajesh Chandravanshi के रूप में हुई है, जो हीरापुर हाटिया मोड़ पर मोबाइल डाउनलोडिंग की दुकान चलाता था।
परिजनों के अनुसार, राजेश शुक्रवार रात दुकान बंद कर घर के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद शनिवार सुबह उनका शव मैदान में पड़ा मिला। घटना की खबर मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक की गौतम नामक व्यक्ति से एक दिन पहले कहासुनी हुई थी। परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के कारण घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है।
आक्रोशित परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कुछ समय तक शव उठाने का विरोध भी किया। बाद में पुलिस के समझाने के बाद मामला शांत हुआ।
सूचना मिलने पर धनबाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है तथा संदिग्ध लोगों की तलाश जारी है।
















