सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम तेजी से वायरल हो रहा है। मीम्स, राजनीतिक बहस और युवाओं की नाराजगी के बीच शुरू हुआ यह ऑनलाइन सटायर अब एक बड़े डिजिटल मूवमेंट के रूप में देखा जा रहा है। कुछ ही दिनों में हजारों लोग इससे जुड़ चुके हैं और इंटरनेट पर इसकी चर्चा लगातार बढ़ रही है।
बताया जा रहा है कि यह एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक समूह है, जिसे खासकर बेरोजगारी, सिस्टम से निराशा और युवाओं की समस्याओं को लेकर बनाया गया है। इसका टैगलाइन “Voice of the lazy and unemployed” सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काफी वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ी लोकप्रियता
समूह के संस्थापक अभिजीत डिपके के अनुसार, यह केवल मजाक या मीम तक सीमित नहीं है, बल्कि धीरे-धीरे एक संगठित अभियान का रूप ले रहा है। उनके मुताबिक, पार्टी की वेबसाइट पर दो लाख से ज्यादा लोग रजिस्टर कर चुके हैं, जबकि इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर इससे जुड़े कंटेंट को लाखों व्यू मिल रहे हैं।
मेनिफेस्टो में कई बड़े दावे
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के कथित मेनिफेस्टो में कई ऐसे प्रस्ताव शामिल बताए जा रहे हैं, जो युवाओं और आम लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इनमें महिलाओं को कैबिनेट में 50 प्रतिशत आरक्षण, दल-बदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक और चुनावी सुधार जैसे मुद्दे शामिल हैं।
इसके अलावा NEET परीक्षा विवाद और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर समर्थन की बात भी सामने आई है।
युवाओं की नाराजगी का प्रतीक बन रहा ट्रेंड
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ट्रेंड मौजूदा व्यवस्था को लेकर युवाओं की निराशा और गुस्से को व्यंग्यात्मक तरीके से सामने ला रहा है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में यूजर्स इसे “डिजिटल प्रोटेस्ट” और “सटायर पॉलिटिक्स” का नया रूप बता रहे हैं।
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह समूह भविष्य में औपचारिक राजनीतिक संगठन के रूप में सामने आएगा या केवल सोशल मीडिया कैंपेन तक सीमित रहेगा।
















