देवघर : विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के चौथे दिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु जलार्पण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया रविवार अहले सुबह स्वयं मेला क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रांगण, क्यू कॉम्प्लेक्स, शिवराम झा चौक, तिवारी चौक, नेहरू पार्क और बीएड कॉलेज मार्ग सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कांवरियों की कतार व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि कहीं भी भीड़ का दबाव बढ़ने या कतार की गति धीमी होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके बाद उपायुक्त ने बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया, जहां बड़ी स्क्रीन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लाइव निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने तकनीकी टीम को हर गतिविधि पर सतर्क नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बाबा मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया और चिकित्सकों को 24 घंटे सतर्क रहने का निर्देश देते हुए दवाइयों, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य आपातकालीन चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली। इसके अलावा सूचना सह सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह और अमानत घर (क्लॉक रूम) का भी निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पहली सोमवारी को देखते हुए महिलाओं और शिशुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस व्यवस्था की भी हुई समीक्षा
उपायुक्त ने मेला क्षेत्र के विभिन्न पुलिस ओपी का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, सीसीटीवी निगरानी बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला की ड्यूटी केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि शिवभक्तों की सेवा का अवसर है। सभी अधिकारी और कर्मी सेवा भाव से कार्य करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और सुखद अनुभव के साथ बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कर सकें।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
















