देवघर: शहर में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ देवघर नगर निगम ने अभियान चलाया। वार्ड संख्या 22 और 23 में अपर नगर आयुक्त के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान सड़क और नालियों पर किए गए अतिक्रमण, अवैध शेड और अस्थायी दुकानों को जेसीबी की मदद से हटाया गया।
अभियान की शुरुआत लक्ष्मीपुर चौक से हुई और यह बिलासी टाउन तक चला। इस दौरान सड़क किनारे बने अवैध निर्माण हटाने के साथ नालियों को भी अतिक्रमण मुक्त कराया गया। बिलासी चौक स्थित मुकुंद मिष्ठान भंडार के पास नाले के ऊपर बनाए गए अवैध चूल्हे को भी जेसीबी से हटाया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी कि दोबारा सड़क, फुटपाथ या नालियों पर कब्जा करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और खाली भूखंडों में उगी झाड़ियों तथा जमा कचरे की भी जानकारी ली गई। सफाई निरीक्षकों और सुपरवाइजरों को तत्काल सफाई कराने और नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
















