धनबाद: बलियापुर बाईपास रोड स्थित जेपी कॉलेज ऑफ नर्सिंग परिसर में स्वतंत्रता सेनानी एवं झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे बिनोद बिहारी महतो और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के डायरेक्टर प्रदीप मंडल, मैनेजिंग डायरेक्टर नित्यानंद मंडल, प्राचार्य शोभना भट्टाचार्य, आशीष मंडल समेत शिक्षकों और अतिथियों ने दोनों विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की। समारोह में कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
इस अवसर पर डायरेक्टर प्रदीप मंडल ने बिनोद बिहारी महतो के ‘पढ़ो और लड़ो’ के संदेश का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा और समाजसेवा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दिनकर की रचनाओं ने युवाओं में राष्ट्रभावना और ऊर्जा का संचार किया है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझना चाहिए।
मैनेजिंग डायरेक्टर नित्यानंद मंडल ने दोनों महापुरुषों के जीवन और योगदान को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि बिनोद बिहारी महतो ने शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए काम किया, जबकि दिनकर की साहित्यिक रचनाओं ने समाज और देश को प्रभावित किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने भी दोनों विभूतियों के जीवन, विचारों और रचनाओं पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य शोभना भट्टाचार्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
















