धनबाद : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), धनबाद द्वारा नब्बे दिवसीय अवेयरनेस एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत रविवार को बस्ताकोला स्थित जीवन एनजीओ में मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के अधिकारों एवं उनके लिए संचालित सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर आयोजित किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनों ने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन जीने के अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई।
साथ ही सरकार द्वारा दिव्यांग बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं और कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम में लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार संरक्षण तथा सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
मयंक तुषार टोपनों ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह दिव्यांग बच्चों के अधिकारों की रक्षा करे और उनके समावेशी विकास में सहयोग दे।
इस अवसर पर पैरा लीगल वॉलंटियर चंदन कुमार, गीता कुमारी, हेमराज चौहान, अनामिका सिंह, नवीन कुमार, डिपेंटी गुप्ता, पूनम कुमारी सहित अन्य पीएलवी उपस्थित रहे।
















