धनबाद (राजगंज): बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडीह में हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यालय सभागार में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिंदी विभाग की ओर से आयोजित समारोह में छात्रों ने निबंध, दोहा, कविता, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हिंदी निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं के मोहम्मद शहबाज शेख, दोहा में कक्षा 11वीं की श्रुति, कविता में कक्षा 10वीं की साक्षी, वाद-विवाद में कक्षा 9वीं के आदित्य सौरभ और प्रश्नोत्तरी में कक्षा 8वीं के मोहित ने प्रथम स्थान हासिल किया। अन्य विजेता विद्यार्थियों को भी द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद चौरसिया ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं और हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को हिंदी के प्रति सम्मान और रुचि बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के चेयरमैन अमर कुमार पाल ने हिंदी विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार देकर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में हिंदी विभाग की पुष्पा दुबे, अर्चना सिंह, विनीता कुमारी, फातमा जरीन, ज्योति कुमारी, शिवानी पंडित, शीतल शर्मा, पुष्पा विश्वकर्मा, तान्या रावत, संजय तिवारी और सोमनाथ उपाध्याय सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं की छात्रा माही दुबे एवं दिव्यांश कुमार ने किया।
















