बोकारो: जिले में सुरक्षा, ट्रैफिक और साइबर अपराध से जुड़ी चुनौतियों को लेकर सोमवार को एसपी के नेतृत्व में चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण, रात्रि सुरक्षा, सीसीटीवी और साइबर फ्रॉड सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
बेरमो में जल्द शुरू होगा ट्रैफिक पोस्ट
बैठक में बेरमो में जल्द ट्रैफिक पोस्ट शुरू करने की बात कही गई। वहीं चास में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।
अड्डेबाजी वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और जरूरत के अनुसार कार्रवाई करने की बात भी कही गई। इसके अलावा रात्रि गश्ती को मजबूत करने के साथ रक्षक और टाइगर मोबाइल के संपर्क नंबर व्यापारियों के साथ साझा किए जाएंगे।
साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए ट्रेनिंग
व्यापारियों को APK Fraud और Cyber Crime से बचाव के तरीके बताए जाएंगे। पुलिस ने ज्वैलरी दुकानों, प्रमुख मंदिरों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की।
एसपी ने व्यापारियों से धमकी भरे फोन या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। दशहरा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए चैंबर ऑफ कॉमर्स ने पुलिस-प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया।
















