कतरास: धनबाद जिले के कतरास स्थित पंजाबी मोहल्ला के पास बहने वाली कतरी नदी में सोमवार को एक मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मगरमच्छ के नदी में नजर आने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ नदी में उल्टा तैरता हुआ दिखाई दिया। इस दृश्य को देखकर आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी नदी में स्नान करने के साथ-साथ अन्य घरेलू कार्यों के लिए भी पहुंचते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों और वन विभाग को इसकी सूचना दी। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मौके पर रेस्क्यू टीम नहीं पहुंची थी और न ही मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई शुरू हो सकी थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं प्रशासन से नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने और लोगों को सतर्क रहने की सलाह देने की भी अपील की गई है।
फिलहाल एहतियात के तौर पर लोगों से अपील की जा रही है कि वे अगले आदेश तक नदी में स्नान करने या अनावश्यक रूप से नदी के पास जाने से बचें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
















