धनबाद: राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा सहायता कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं तथा झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लिए धनबाद जिला प्रशासन ने विशेष आधार सीडिंग अभियान शुरू किया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर 19 और 20 जून 2026 को जिलेभर में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी लाभुकों का शत-प्रतिशत आधार सीडिंग सुनिश्चित करना है, ताकि सरकारी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में समय पर और बिना किसी बाधा के पहुंच सके।
जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों के अलावा धनबाद सदर, पुटकी, झरिया, बलियापुर, बाघमारा, गोविंदपुर और एग्यारकुण्ड अंचल कार्यालयों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों के सफल संचालन की जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) और अंचल अधिकारियों को सौंपी गई है। वहीं अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक को सभी बैंकों के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायत सचिवों और राजस्व कर्मियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। वे अपने-अपने क्षेत्रों के लाभुकों को शिविर तक पहुंचाने और आधार सीडिंग प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करेंगे।
सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को पूरे अभियान की निगरानी तथा बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने सभी बीडीओ और अंचल अधिकारियों को प्रतिदिन शाम पांच बजे तक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है।
जिला प्रशासन ने सभी लाभुकों से अपील की है कि जिनका आधार अब तक बैंक खाते या संबंधित योजना से लिंक नहीं हुआ है, वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने निकटतम शिविर में पहुंचकर आधार सीडिंग अवश्य कराएं। आधार लिंक नहीं होने की स्थिति में भविष्य में योजना की राशि प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है।
















