धनबाद: झरिया क्षेत्र में बीसीसीएल की बंद पड़ी संरचनाओं और रोपवे से लोहे की अवैध कटाई का मामला एक बार फिर चर्चा में है। भौंरा ओपी क्षेत्र के जहाजटांड़ में ग्रामीणों ने कथित रूप से अवैध रूप से काटे गए लोहे का बड़ा जखीरा बरामद किया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से बीसीसीएल की करोड़ों रुपये मूल्य की बंद पड़ी संरचनाओं और रोपवे से लोहे की चोरी एवं अवैध कटाई का काम चल रहा है। इस अवैध कारोबार को लेकर कई बार विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो चुकी है।
सोमवार को जहाजटांड़ में ग्रामीणों ने बड़ी मात्रा में कटे हुए लोहे को बरामद कर इसकी सूचना स्थानीय पुलिस, डीएसपी, एसपी समेत अन्य वरीय अधिकारियों को दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के कई घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और न ही लोहे को जब्त करने की कोई कार्रवाई की गई।
स्थानीय ग्रामीण खेमलाल ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से बीसीसीएल की संपत्तियों की अवैध कटाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने जिम्मेदारी निभाते हुए बरामद लोहे को सुरक्षित रखा और प्रशासन को सूचना दी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को गंभीरता से लेने के बजाय कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो बीसीसीएल की करोड़ों रुपये की संपत्ति को भारी नुकसान हो सकता है। लोगों का आरोप है कि यह अवैध कारोबार संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा है, जिससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, पुलिस के वरीय अधिकारियों और बीसीसीएल प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कटाई में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
















