धनबाद: जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी Aditya Ranjan ने अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में भूमि मापी, गैरमजरूआ सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने, तालाबों से अतिक्रमण हटाने, जलापूर्ति की व्यवस्था, सड़क से अवैध कब्जा हटाने, पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, बेलगड़िया में आवास उपलब्ध कराने, पर्यटन स्थलों के विकास, पैतृक संपत्ति के बंटवारे, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में नामांकन, अनुकंपा के आधार पर नियोजन तथा दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी मामलों, धोखाधड़ी और अन्य विभिन्न समस्याओं से जुड़े मामलों को भी उपायुक्त के समक्ष रखा गया। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे केवल आवेदनों को लंबित न रखें, बल्कि मामलों की जांच कर धरातल पर जाकर उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
















